Ramgarh : श्री अग्रसेन स्कूल भुरकुंडा के जूनियर कक्षा के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत रांची का दौरा किया. इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से बाहर निकालकर प्रकृति, सांस्कृतिक विरासत और विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना था.
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सबसे पहले रांची स्थित लोकभवन पहुंचकर वहां के सुंदर उद्यान का अवलोकन किया. उद्यान में बने कृत्रिम पहाड़, झरने और आकर्षक फव्वारे बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे. इसे देखकर बच्चों को प्रकृति से जुड़ाव का अनुभव हुआ.

झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती सोहराई पेंटिंग के साथ-साथ महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं ने विद्यार्थियों को राज्य की समृद्ध विरासत से जोड़ा. उद्यान में लगा पीला बांस, रुद्राक्ष, कल्पतरू, स्ट्रॉबेरी, इलायची और तेजपत्ता आदि के पेड़-पौधों ने बच्चों की जिज्ञासा बढ़ाई.
लाल, पीले और सफेद गुलाबों के साथ सीजनल फूलों की सजी क्यारियां, ट्यूलिप, कैना लिली, मरक्यूरिस और रेननकुलस जैसे दुर्लभ फूलों ने विद्यार्थियों का मन मोह लिया. फूलों की मनमोहक खुशबू से पूरा उद्यान महक रहा था.
इसके बाद विद्यार्थियों ने मछली घर का भ्रमण किया. जहां विभिन्न प्रजातियों की रंग-बिरंगी मछलियों को देखकर वे अत्यंत रोमांचित हुए. यहां उन्होंने मछलियों के जीवन चक्र और जल पर्यावरण के महत्व के बारे में समझा. साथ ही यहां लगे विभिन्न झूलों, टॉय ट्रेन, हौंटिंग केव का आनंद उठाया.
मछली घर के बाद विद्यार्थियों का दल साइंस सिटी पहुंचा. साइंस सिटी में बच्चों ने प्लेनेटोरियम, थ्री-डी शो और वर्किंग मॉडलों के माध्यम से भौतिकी, जीवविज्ञान और तकनीक से जुड़े विषयों को रोचक ढंग से सीखा. गुरुत्वाकर्षण, ऊर्जा, प्रकाश, ध्वनि, मानव शरीर, जैव विविधता और अंतरिक्ष से संबंधित अनेक अवधारणाओं को उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से समझा.
विद्यालय के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और जागरूकता विकसित करते हुए कक्षा में पढ़ाए गए सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था. उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक दुनिया से जोड़ते हैं और उनमें सीखने की नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं.
शैक्षणिक भ्रमण में श्रीपर्णा गुप्ता, नाजिया तौहिद, वंदना कुमारी, सोनम खातून, उषा कुमारी, कुसुम कुमारी, प्रोन्नति मुखर्जी, विजय शर्मा, आयुष मजूमदार, रीता राय, सीमा लकड़ा, प्रीति कुमारी, बसंत कुमार, मोना कुमारी, सलोनी राणा, यास्मीन निशा,मानसी कुमारी आदि शिक्षक शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment