- अक्टूबर माह की राज्य स्तरीय रैंकिंग में रामगढ़ जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन
- जिले के कुल 33,122 लाभार्थियों को उपलब्ध कराया गया टेक होम राशन
Ramgarh News : राज्य सरकार द्वारा टेक होम राशन योजना के तहत अक्टूबर माह में जारी राज्य स्तरीय रैंकिंग में रामगढ़ जिले ने पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. जिले में 96.4 प्रतिशत वितरण के साथ यह उपलब्धि हासिल की गई है.
इसे भी पढ़ें..
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उपायुक्त ऋतुराज ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो सहित समाज कल्याण विभाग की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह निरंतर प्रतिबद्धता एवं तत्परता के साथ कार्य करते रहें, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके.
अक्टूबर माह में 33,122 लाभार्थियों को मिला टेक होम राशन
रामगढ़ जिले में अक्टूबर माह के दौरान टेक होम राशन योजना के तहत कुल 33,122 लाभार्थियों को राशन उपलब्ध कराया गया. इसमें विभिन्न श्रेणियों के लाभार्थी शामिल हैं, जिनका विवरण निम्नवत है:
लाभार्थियों की श्रेणी, लाभार्थियों की संख्या
गर्भवती महिलाएं 3,993
धात्री माताएं 2,607
6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चे 22,165
चिन्हित 14 वर्ष से 18 वर्ष तक की किशोरी बालिकाएं 4,357
कुल लाभार्थी 33,122
टेक होम राशन योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, छोटे बच्चों तथा चिन्हित किशोरी बालिकाओं को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा सके.
रामगढ़ जिले अक्टूबर माह में मिली यह सफलता जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण तथा समर्पित कार्यशैली को दर्शाती है. जिला प्रशासन द्वारा आगे भी इसी प्रकार योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

