Gola : रामगढ़ जिला के गोला प्रखंड अंतर्गत कोरांबे गांव में एक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. बेटी के विवाह का निमंत्रण देने गए एक व्यक्ति और हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल हो गया.
जानकारी के अनुसार, कोरांबे निवासी जलेश्वर महतो अपनी पुत्री के विवाह की तैयारियों में जुटे हुए थे. परिवार में आगामी 2 जुलाई को शादी समारोह आयोजित होना था. इसी सिलसिले में वे विवाह का निमंत्रण देने के लिए हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया विशाल करमाली के साथ मोटरसाइकिल से विष्णुगढ़-बगोदर क्षेत्र गए थे.
सोमवार देर शाम दोनों निमंत्रण देकर कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान विष्णुगढ़-गोमिया मुख्य मार्ग पर जमनीजारा के निकट उनकी बाइक की दूसरी दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जलेश्वर महतो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल विशाल करमाली को स्थानीय लोगों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया. प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
पूर्व मुखिया विशाल करमाली की पत्नी गीतांजलि कुमारी तिर्की वर्तमान में हेंसापोड़ा पंचायत की निर्वाचित मुखिया हैं. उनके निधन से पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है. परिवार में पत्नी के अलावा तीन पुत्र हैं.
दूसरी ओर जलेश्वर महतो की मृत्यु ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. जिस घर में कुछ दिनों बाद बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. परिवार के सदस्य और रिश्तेदार इस असमय हुई घटना से स्तब्ध हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment