- दिगवार रेलवे ओवरब्रिज बना ब्लैक स्पॉट
Ramgarh : कुजू ओपी क्षेत्र के दिगवार रेलवे ओवरब्रिज के समीप तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान चरही थाना क्षेत्र के तापिन निवासी सुमन कुमार महतो (30 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है.
इसे भी पढ़ें
डंपर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
मिली जानकारी के अनुसार, सुमन कुमार महतो अपनी हीरो डीलक्स बाइक (JH 02 BF 8019) से रामगढ़ के कैथा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान वह रेलवे ओवरब्रिज के कट के समीप छाई लदे डंपर (JH 02 AG 0115) की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने डंपर सहित दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया.
हादसे ने फिर उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
युवक की असामयिक मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है. वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है. ग्रामीणों ने भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

