Search

रामनवमी : अयोध्या में रामलला का भव्य सूर्य तिलक, पीएम मोदी ऐतिहासिक पल के गवाह बने

Ayodhya : रामनवमी के शुभ अवसर पर आज अयोध्या में दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में रामलला का भव्य सूर्य तिलक किया गया. लगभग 9 मिनट तक सूर्य की किरणें भगवान राम के ललाट पर पड़ीं,   पूरा गर्भगृह दिव्य प्रकाश से भर उठा.

 

 

इस मौके पर पंचामृत से अभिषेक कर रामलला को स्वर्ण जड़ित पीतांबर पहनाया गया था. पीएम मोदी भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने. उन्होंने टीवी पर लाइव भगवान रामलला के सूर्य तिलक को देखा.  

 

रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह दूसरा अवसर है जब इस विशेष सूर्य तिलक का आयोजन किया गया. सूर्य तिलक के समय गर्भगृह में 14 पुजारी मौजूद थे.इन पुजारियों ने वैदिक मंत्रों के बीच विशेष पूजा-अर्चना की. इसके बाद आरती की गयी.

 

सूर्य तिलक होते ही मंदिर  भजन, कीर्तन और शंखनाद से गुंजायमान हो उठा. गर्भगृह में मौजूद श्रद्धालुओं ने इस अलौकिक नजारे को देखा,  मंदिर के बाहर स्क्रीन लगाई गयी थी. मंदिर के बाहर भक्तों ने स्क्रीन पर इस चमत्कारी दृश्य के साक्षी बने.  


 
इससे पहले  सुबह दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से बने पंचामृत से रामलला का अभिषेक किया गया. भगवान को स्वर्ण जड़ित पीतांबर वस्त्र पहनाये गये, वस्त्रों में सोने-चांदी की बारीक कढ़ाई की गयी थी. आभूषण और मुकुट से भगवान का श्रृंगार किया गया.

 

रामनवमी के अवसर पर रामलला के दर्शन करने अयोध्या में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन का समय बढ़ाकर सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक कर दिया गया है.

 

अयोध्या में  सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल, अर्धसैनिक बल और विशेष सुरक्षा एजेंसियां तैनात हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है.   

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें  

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp