Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Dhanbad : कोयला तस्करों का तांडव, बम विस्फोट कई राउंड फायरिंग व पुलिस टीम पर किया हमला

Dhanbad : जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र स्थित बहियारडीह गांव में मंगलवार सुबह अवैध कोयला तस्करों ने जमकर उत्पात मचाया. आरोप है कि 100 से अधिक की संख्या में पहुंचे तस्करों ने एक दर्जन से अधिक बम विस्फोट और कई राउंड फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी धक्का-मुक्की की गई और जवानों की राइफल छीनने का प्रयास किया गया.

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तस्करों ने शंकर साव के घर और दुकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की. घर और दुकान में तोड़फोड़ कर बाइक, सीसीटीवी कैमरे, टीवी, फ्रिज समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए. घटना में लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है.

 

पीड़िता रूबी देवी ने बताया कि बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने बम फोड़े, गोलियां चलाईं और घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की. कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की गई, जिससे कई ग्रामीण घायल हुए हैं.

Uploaded Image

पुलिस की गाड़ी से तोड़फोड़

घटना की सूचना पर बरोरा और सोनारडीह पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भारी संख्या में मौजूद तस्करों को देखकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई. आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस गश्ती वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.

 

इधर, घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सोनारडीह ओपी पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया. अवैध कोयला तस्करी और बमबाजी के खिलाफ महिलाओं ने फोरलेन सड़क जाम करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोक दिया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई.

 

घटना के बाद बहियारडीह और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध कोयला तस्करी पर सख्त कार्रवाई और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

 

डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि सोनारडीह ओपी क्षेत्र के जोगीडीह और बहियारडीह के बीच पानी की समस्या को लेकर महिलाओं द्वारा सड़क जाम किया गया था .जोगीडीह के ग्रामीणों का आरोप है कि बहियारडीह के कुछ लोग अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त हैं और उन्हीं के द्वारा पानी की आपूर्ति बाधित की गई है. इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और झड़प हुई.

 

उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भीड़ को तितर-बितर करने के दौरान विपक्षी पक्ष की ओर से दो राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप सामने आया है. घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा भी बरामद किया है. मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

डीएसपी ने यह भी बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद कुछ महिलाओं ने आक्रोशित होकर पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया जिससे बरोरा थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और उसका शीशा टूट गया.उन्होंने कहा कि मामले में तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.

 

दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. डीएसपी ने यह भी कहा कि अवैध खनन के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी यदि अवैध खनन की पुष्टि होती है तो उसे तत्काल बंद कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही