Ranchi : झारखंड प्रदेश युवा राष्ट्रीय जनता दल (युवा राजद) की ओर से आयोजित 'युवा संवाद चौपाल यात्रा' का समापन समारोह एवं कार्यकारिणी बैठक मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई. कार्यक्रम की शुरुआत हूल दिवस पर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई.
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव, युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय कुशवाहा, मंत्री संजय प्रसाद यादव और राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने युवाओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से 12 प्रस्ताव पारित किए. इनमें सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार, युवा संवाद चौपाल यात्रा के दूसरे चरण, महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन, बूथ स्तर तक संगठन सशक्त करने, आगामी चुनावों की तैयारी, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, ओबीसी आरक्षण 27 प्रतिशत करने और जातीय जनगणना और सरना धर्म कोड की मांग को लेकर आंदोलन चलाने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं.
प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव ने कहा कि युवा संवाद चौपाल यात्रा के दौरान मिले जनसुझावों और समस्याओं को संगठन सड़क से सदन तक उठाएगा. कार्यक्रम में यात्रा को सफल बनाने वाले जिलाध्यक्षों को सम्मानित किया गया और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

