- भरमटोली में तैयार हो रही 28.8 मिलियन लीटर की विशाल टंकी
- ऊंचे इलाकों में भी पूरे प्रेशर के साथ पहुंचेगा शुद्ध पानी
Ranchi : राजधानीवासियों को साफ और सुरक्षित पानी देने की कवायद अब अपने अंतिम दौर में पहुंचने वाली है. शहर की प्यास बुझाने के लिए रुक्का में बन रहा नया और विशाल जल शोधन संयंत्र (फिल्टर प्लांट) का 85 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है. इसके जरिए रांची के 60,932 घरों तक पाइपलाइन के जरिए शुद्ध पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
शहरी जलापूर्ति परियोजना के फेज-2ए के तहत निर्माण हो रहे इस जल शोधन संयंत्र की क्षमता 213 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) है. यह प्लांट न केवल पानी को फिल्टर करेगा, बल्कि आधुनिक सेंसर के जरिए उसकी शुद्धता की रियल-टाइम मॉनिटरिंग भी करेगा।.
परियोजना पर 541 करोड़ रुपये हो रहे खर्च
इस परियोजना के तहत भरमटोली में 28.8 मिलियन लीटर की क्षमता वाली एक विशाल पानी की टंकी भी बनाई जा रही है. इससे शहर के ऊंचे इलाकों में रहने वाले परिवारों तक भी पूरे प्रेशर के साथ पानी की सप्लाई सुनिश्चित हो सकेगा.
रुक्का जल शोधन संयंत्र और उससे जुड़ी पाइपलाइन नेटवर्क को तैयार करने पर करीब 541 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. एशियाई विकास बैंक (ADB) परियोजना में वित्तीय सहयोग कर रहा है.
तकनीकी बाधाएं दूर करने में जुटा विभाग
योजना का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए बुनियादी ढांचा लगभग तैयार है. विभाग अब उन अंतिम कड़ियों को जोड़ने में लगा है जो तकनीकी कारणों से रुकी हुई थीं. रुक्का प्लांट को सुचारू रूप से चलाने के लिए बिजली विभाग (JBVNL) से पावर फीडर की मंजूरी लेने की प्रक्रिया चल रही है. जुडको (JUIDCO) के अधिकारियों के अनुसार, बिजली आपूर्ति और अंतिम दौर की एनओसी (NOC) मिलते ही पूरे सिस्टम का ट्रायल रन शुरू कर दिया जाएगा, जिसके बाद जलापूर्ति शुरू हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment