Ranchi : कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पथराव का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल अरगोड़ा थाना पहुंचा और कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, वरिष्ठ नेता दीपक प्रकाश, रांची मेयर रोशनी खालखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे.
भाजपा का आरोप है कि पार्टी कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से पथराव किया, जिसमें कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह कोई काउंटर एफआईआर नहीं है, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमले की शिकायत है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से पत्थर लेकर आए थे और योजनाबद्ध तरीके से हमला किया. मरांडी ने कहा कि भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए व्यक्तिगत और पार्टी स्तर पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई गई हैं.
उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बैरिकेडिंग खोलने में पुलिस की भूमिका संदिग्ध रही. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि दोषियों के साथ-साथ घटना में शामिल लोगों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए.
वहीं, रांची महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहू ने बताया कि 20 से 25 लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय पर अंडे, टमाटर और पत्थरों से हमला किया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए. उन्होंने कहा कि पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट और घटना से जुड़े वीडियो साक्ष्य (पेन ड्राइव) भी सौंपे गए हैं. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
घटना में घायल भाजपा कार्यकर्ता संजय चौधरी ने बताया कि वह पार्टी कार्यालय में मौजूद थे, तभी अचानक किसी ने उनके सिर पर पत्थर या किसी भारी नुकीली वस्तु से हमला कर दिया. इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और टांके लगाने पड़े. उन्होंने आरोप लगाया कि घायल होने के बाद कुछ लोगों ने सरिया जैसी वस्तु से भी उनके साथ मारपीट की.
भाजपा ने कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कुमार राजा, राकेश सिन्हा, सुनील सिंह, ऋषिकेश सिंह, किशोर शाहदेव, उज्ज्वल प्रकाश तिवारी, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, डॉ. तौसिफ, शहबाज अहमद, अजय नाथ शाहदेव, सुरेन्द्र सिंह, आलोक दुबे, सोमनाथ मुंडा (रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष), अभिलाष साहू, अनवर अहमद, रविन्द्र सिंह, सतीश पाल मुंजनी, सुनीत शर्मा, विजय शंकर नायक, सोनाल शांति, शांतनु मिश्रा, शशिभूषण राय, तनवीर आलम, राजन वर्मा, बेलस तिर्की, अमरेन्द्र सिंह, कमल ठाकुर, रियाज अंसारी, अख्तर अली, सुनील सिंह, सुंदरी तिर्की, दीपक ओझा, नीतू पासवान, शाहनाज खातून, जगदीश साहू, शहबाज अहमद, इश्तियाक अहमद, इन्द्रजीत सिंह, गौरव सिंह, प्रिंस बंधु, अर्चना मिर्धा, एनुल हक, आलोक तिवारी, अजय सिंह, विक्की करमाली, सुरज मुंडा, अनिल उरांव, सतीश केशरी, फिरोज रिजवी मुन्ना, जितेन्द्र त्रिवेदी, राजेश चन्द्र राजू, गुंजन सिंह एवं सैकड़ों कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट के विरोध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment