Ranchi : रिम्स की शासी परिषद (GB) की बैठक में चिकित्सा शिक्षा, मरीजों की सुविधा, भर्ती और अस्पताल के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. बैठक में हाल ही में नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) की ओर से MBBS सीटें 180 से बढ़ाकर 250 किए जाने पर रिम्स प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों को बधाई दी गई. इसे झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि बताया गया.
बैठक में नर्सिंग, पैरामेडिकल और अन्य स्वीकृत खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने का फैसला लिया गया. सभी लंबित विज्ञापनों को जल्द जारी किया जाएगा. ऋषभ मामले में हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया.
इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए PPP मॉडल पर UG छात्रावास का नवीनीकरण और PG छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा. नए OPD कॉम्प्लेक्स के लिए जगह का चयन किया जाएगा. मरीजों और कर्मचारियों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए RO सिस्टम लगाए जाएंगे. अस्पताल की लिफ्टों के वार्षिक रखरखाव (AMC) की जिम्मेदारी बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन विभाग को दी गई है.
मानव संसाधन को मजबूत करने के लिए फार्मासिस्ट और लैब तकनीशियन की प्रतिनियुक्ति के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी. एनेस्थीसिया तकनीशियन कैडर का पुनर्गठन होगा और नियुक्तियां की जाएंगी. मेडिकल ऑफिसर की प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों को नियुक्ति समिति के सामने बुलाया जाएगा. मनोचिकित्सा काउंसलर और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सेवा अवधि एक साल बढ़ाने का भी फैसला लिया गया.
बैठक में आयुष्मान भारत के नोडल ऑफिसर और सेंट्रल लैब प्रभारी को विभागाध्यक्षों की तरह 5 लाख रुपये का कॉर्पस फंड देने का निर्णय लिया गया. आयुष्मान भारत योजना से मिलने वाली राशि के वितरण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा. रेडियोथेरेपी मशीनों की खरीद के लिए कैबिनेट से मंजूरी लेने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी.
इसके अलावा एक करोड़ रुपये से अधिक की खरीद से जुड़े मामलों की सूची तैयार करने, PTA और BERA की नई दरें तय करने, "दवाई दोस्त" के लिए जगह उपलब्ध कराने, एल-1 स्तर तक पहुंच चुके उपकरणों की खरीद का आदेश जारी करने और निजी अस्पतालों से रेफर मरीजों के मामलों में तय SOP का सख्ती से पालन कराने का भी फैसला लिया गया.
रिम्स शासी परिषद ने कहा कि इन फैसलों से चिकित्सा शिक्षा, अस्पताल की सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्था और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment