- महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार विफलः भाजपा
Ranchi : हजारीबाग जिले के कुसुंबा गांव में मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, रांची महानगर एवं रांची पूर्वी–पश्चिमी जिला के संयुक्त तत्वावधान में उपायुक्त कार्यालय, रांची के समक्ष सांकेतिक धरना–प्रदर्शन आयोजित किया गया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया और घटना के खिलाफ कड़ा आक्रोश जताया.
धरना के दौरान वक्ताओं ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं पर लगातार बढ़ रहे अत्याचार बेहद चिंताजनक हैं. उन्होंने कहा कि यह घटना सरकार की विफलता और प्रशासनिक उदासीनता का स्पष्ट उदाहरण है.
धरना के बाद मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त, रांची के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, कड़ी से कड़ी सजा, पीड़िता को उचित मुआवजा एवं सुरक्षा तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेत्री आरती कुजूर ने घटना को समाज के लिए शर्मनाक बताते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह खतरे में है. भाजपा रांची महानगर की उपाध्यक्ष अनीता वर्मा ने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते सख्ती बरतता, तो ऐसी घटना नहीं होती. उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला मोर्चा पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष करेगा.
महिला मोर्चा ग्रामीण जिला अध्यक्ष नेहा सिंह ने कहा कि राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. वहीं रांची महानगर अध्यक्ष पायल सोनी ने चेतावनी दी कि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
धरना कार्यक्रम का संचालन अनीता वर्मा ने किया. इस मौके पर पार्टी की कई वरिष्ठ महिला नेत्रियां एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहीं और एक स्वर में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment