Ranchi : राजधानी रांची के प्रसिद्ध बड़ा तालाब से बुधवार की सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में हुई है, वह शहर के जाने-माने बिल्डर साहब अली के भाई थे. शाहिद के शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, शाहिद अख्तर पिछले तीन दिनों से लापता थे. परिजनों ने उनकी काफी तलाश की. लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका. अनहोनी की आशंका के बीच परिजनों ने पुलिस को भी शाहिद अख्तर की गुमशुदगी की सूचना दी.
इस बीच बुधवार की सुबह लोगों ने बड़ा तालाब में शव उपलता हुआ देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है.

