Search

रांची निकाय चुनाव: वार्ड 11,16,17 व 18 में 1 बजे तक इतने फीसदी पड़े वोट

Ranchi : नगर निकाय चुनाव के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा मतदाता उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.

 

वार्ड संख्या 11 में राज्य के मध्य विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर कुल 4 बूथ बनाए गए हैं. इस वार्ड में कुल 5059 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2472 पुरुष और 2587 महिला मतदाता शामिल हैं. दोपहर 12:30 बजे तक लगभग 18 प्रतिशत मतदान हो चुका है. मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतारें देखी जा रही हैं और प्रक्रिया शांतिपूर्वक जारी है.

 

वार्ड संख्या 16 में करबला चौक स्थित अटल क्लीनिक में मतदान केंद्र संख्या 5 पर कुल 5 बूथ स्थापित किए गए हैं. यहां कुल 4194 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2068 पुरुष और 2126 महिला मतदाता शामिल हैं.

 

सुबह 11:30 बजे तक मतदान केंद्र पर अच्छी-खासी भीड़ देखी गई और मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि हो रही है. मतदाता सूची की जांच के बाद ही मतदान की अनुमति दी जा रही है.

 

जिन मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज है लेकिन वोटर आईडी कार्ड उपलब्ध नहीं है, उन्हें अन्य वैध पहचान पत्र के आधार पर मतदान की अनुमति दी जा रही है. एसडीएम उत्कर्ष कुमार ने भी मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

 

वार्ड संख्या 17 में तीन अलग-अलग स्थानों पर मतदान हो रहा है. XISS हॉस्टल में बनाए गए दो मतदान केंद्रों पर कुल 2359 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1188 पुरुष और 1171 महिला मतदाता शामिल हैं, जहां अब तक लगभग 20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.

 

वहीं, संत अन्ना परिसर में वार्ड 17 और 18 के लिए बनाए गए 8 बूथों पर करीब 25 प्रतिशत मतदान हो चुका है और मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है. इसके अतिरिक्त संत एलोयसियस परिसर में बनाए गए दो मतदान केंद्रों पर लगभग 45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.

 

तीनों स्थानों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा पहचान पत्र की जांच के बाद मतदाताओं को क्रमवार मतदान कक्ष में भेजा जा रहा है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp