- एमए-बीएड डिग्रीधारी नेत्रहीन दशरथ मंडल ने नेत्रहीन विद्यालय में नियुक्ति की मांग
Ranchi : रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री के सप्ताहिक जनता दरबार में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे. जनता दरबार में जमीन पर अवैध कब्जा, जाति प्रमाण पत्र, ऑनलाइन रसीद, पेंशन और गैस कनेक्शन से जुड़े मामले प्रमुखता से उठाए गए. डीसी ने जनता दरबार में पहुंचे सभी फरियादियों की समस्याएओं सुनी और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें
जाति प्रमाण पत्र के लिए लगा रहे कार्यालय के चक्कर
इनामकुम प्रखंड से पहुंचे टाना भगतों ने जमीन पर भू-माफियाओं के कब्जा करने की शिकायत की और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की. वहीं, चान्हो अंचल के लोगों ने बताया कि वे जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तीन महीने से अंचल कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं. प्रमाण पत्र नहीं बनने से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में परेशानी हो रही है. उन्होंने ऑनलाइन रसीद कटवाने में आ रही समस्याओं को भी डीसी के सामने रखा.

एमए-बीएड की डिग्री लेकर पहुंचे नेत्रहीन दशरथ
जनता दरबार में एमए-बीएड डिग्री होल्डर और नेत्रहीन दशरथ मंडल भी अपनी फरियाद लेकर पहुंचे और उन्होंने डीसी से मिलकर नेत्रहीन विद्यालय में शिक्षक के रूप में सेवा देने का अवसर मांगा. उन्होंने कहा कि शिक्षित होने के बावजूद उन्हें रोजगार का अवसर नहीं मिल पा रहा है.
बेड़ों की 1.25 एकड़ जमीन पर कब्जा का आरोप
बेड़ों के बंदे उरांव ने शिकायत की कि पड़हा के लोग एक एकड़ 25 डिसमिल जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से जमीन को बचाने और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की. इसके अलावा गैस कनेक्शन, सेनाहातू की बाजार समिति की जमीन को बचाने, पंजी-2 में सुधार और इंदिरा गांधी पेंशन से संबंधित शिकायतें भी की गईं.

