Ranchi News : राजधानी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित बड़का साड़म गांव में धान की फसल काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. बताया जाता है कि 200 से 300 की संख्या में आदिवासी समाज के लोग समूह बनाकर पाहन के खेत में लगी धान की फसल काटने पहुंचे.
बड़ी संख्या में लोगों को खेत की ओर बढ़ते देख स्थानीय ग्रामीण एकजुट हो गए और इसका विरोध किया. इसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मांडर और बुढ़मू थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
इसे भी पढ़ें
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पड़हा सरकार युवा संगठन से जुड़े कुछ लोग जानबूझकर धान की फसल काटने पहुंचे थे. ग्रामीणों ने इसे विवाद बढ़ाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बताया है. गांव के सतीश पाहन ने बताया कि पड़हा सरकार युवा संगठन के सैकड़ों लोग धान काटने के लिए खेत पहुंचे थे. इसकी जानकारी मिलते ही गांव के लोग एकजुट हुए और विरोध कर सभी लोगों को भगाने का प्रयास किया है.
वहीं इस संबंध में बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा ने बताया कि पाहन के खेत में धान काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और इलाके में माहौल शांतिपूर्ण है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है.

