- टमटम टोली कब्रिस्तान में सभी दिवंगत आत्माओं के लिए मिस्सा
Ranchi News : काथलिक कलीसिया ने दिवंगत आत्माओं का स्मृति दिवस (ऑल सोल्स डे) मनाया. इस अवसर पर संत मरिया महागिरजा पल्ली के विश्वासियों ने कांटोटोली के टमटम टोली स्थित कब्रिस्तान में विशेष मिस्सा का आयोजन किया. इस मौके पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किए. सभी दिवंगत आत्माओं की अनंत शांति के लिए प्रार्थना की.
इसे भी पढ़ें...
इस दौरान हजारों विश्वासी उपस्थित हुए. सभी धर्माध्यक्ष की अगुवाई में एक साथ अपने दिवंगत परिजनों एवं प्रियजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की. सभी ने अपने-अपने पूर्वजों की कब्रो पर फूल-माला अर्पित की और नम आंखों से विनती की. इस दौरान महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने कहा कि हमें अपने अच्छे व्यवहार से जीवन व्यतीत करना चाहिए. शांति और सांत्वना के शब्दों से जीवन में एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए.
दूसरों की जिंदगी को आसान बनाने में अपनी भागीदारी और योगदान देना जरूरी है. उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में शांति स्थापित करने तथा आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ रहने का प्रयास करना चाहिए. उन्होंने कहा कि आज जब हम सभी मृत विश्वासियों के लिए प्रार्थना करते हैं, तो हमारा विश्वास है कि उन सभी पर ईश्वर की कृपा बनी हुई है.
इस दिन हमें यह भी स्मरण करने की आवश्यकता है कि मृत विश्वासियों के साथ हमारा व्यवहार कैसा रहा. इसलिए आज हम चिंतन करते हुए यह प्रतिज्ञा लें कि अपने अच्छे व्यवहार और शांति के शब्दों से एक-दूसरे का सहारा बनें. दूसरों की जिंदगी को आसान बनाने में अपनी भागीदारी और योगदान दें.
इस प्रकार हम स्वयं को भी स्वर्गराज्य के लिए आध्यात्मिक रूप से तैयार कर पाएंगे. महाधर्माध्यक्ष ने विश्वासियों से परिवार और समाज में प्रेम, क्षमा, सहयोग एवं शांति का वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया. साथ ही सभी दिवंगत विश्वासियों की अनंत शांति की कामना की.
दिवंगत परिजनों की कब्रों पर किया पवित्र जल का छिड़काव
काथलिक कलीसिया में प्रत्येक वर्ष 2 नवंबर को सभी मृत आत्माओं का पर्व मनाया जाता है. यह दिन दिवंगत विश्वासियों को याद करने और उनकी आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना करने के लिए समर्पित है. इस अवसर पर श्रद्धालु अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और प्रियजनों को याद करते हैं.
मिस्सा बलिदान के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक प्रार्थना में भाग लिया. इसके बाद कब्रों पर पवित्र जल का छिड़काव किया गया. इसमें विश्वासियों को मृत्यु के बाद अनंत जीवन की आशा और ईश्वर की असीम करुणा में विश्वास को फिर से मजबूत करने का अवसर दिया.
इस मौके पर रांची पल्ली के पल्ली पुरोहित फादर अनिल कुजूर, फादर सुशील बेक, फादर थियोदोर टोप्पो, फादर गुलशन मिंज, फादर किशोर टोप्पो सहित अन्य पुरोहित, धर्मबहनें और हजारों की संख्या में ख्रीस्त विश्वासी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

