Ranchi : खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रैक्टिस ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का शनिवार को समापन हुआ. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में सभी 24 जिलों के अंडर-12 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया.
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा थे. विशिष्ट अतिथियों में अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के रेफरी विभाग के प्रबंधक राहुल गुप्ता, ऑपरेशन प्रबंधक अनुप कुमार और जेएसएसपीएस की पुष्पा हसा उपस्थित रहीं. राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया.
मुख्य अतिथि सुरेश कुमार बैठा ने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की यह पहल राज्य में फुटबॉल की मजबूत नींव तैयार कर रही है. उन्होंने कहा कि शुरुआती उम्र में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर मिलने से बच्चों की प्रतिभा निखरती है. यदि खिलाड़ी अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास बनाए रखें तो भविष्य में फीफा और डूरंड कप जैसी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी इसी मंच से निकलेंगे.
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जिस आत्मविश्वास, तकनीकी दक्षता और खेल भावना का परिचय दिया, वह झारखंड में फुटबॉल की उज्ज्वल संभावनाओं का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता अब राज्य में प्रतिभा संवर्धन का प्रभावी मंच बन चुकी है और आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिलेंगे.
प्रतियोगिता परिणाम
बालिका वर्ग के रोमांचक फाइनल में गिरिडीह ने सिमडेगा को 1-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. साहेबगंज तीसरे स्थान पर रहा.
व्यक्तिगत पुरस्कार (बालिका वर्ग)
प्लेयर ऑफ द मैच – अन्नू कुमारी (गिरिडीह)
बेस्ट गोलकीपर – सिमरन मार्की (सिमडेगा)
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – एंजल टोपनो (सिमडेगा)
बालक वर्ग के फाइनल में गिरिडीह ने रामगढ़ को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया. पाकुड़ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया.
व्यक्तिगत पुरस्कार (बालक वर्ग)
प्लेयर ऑफ द मैच – संजय हेंब्रोम (गिरिडीह)
बेस्ट गोलकीपर – आयुष तिर्की (रामगढ़)
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – नीतीश मरांडी (गिरिडीह)
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सरायकेला के सोम मुर्मू को ओवरऑल बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के सम्मान से नवाजा गया. समापन समारोह में विजेता, उपविजेता एवं तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के साथ-साथ व्यक्तिगत पुरस्कार विजेताओं को ट्रॉफी, पदक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम का संचालन चंद्रदेव सिंह ने किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment