Ranchi : बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा, रांची के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा 20 से 22 फरवरी 2026 तक संस्थान परिसर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. यह सम्मेलन कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है.
सम्मेलन का विषय “डिजिटल युग के लिए प्रबंधन की नई दिशा: नए विचार, नवाचार, कार्यप्रणाली और संभावनाएं” रखा गया है. कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिग डेटा, ऑटोमेशन, ब्लॉकचेन और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसी उभरती तकनीकों का प्रबंधन, नेतृत्व, रणनीति, शासन, मार्केटिंग, संचालन, स्थिरता और उद्यमिता पर पड़ने वाले प्रभावों पर व्यापक चर्चा की जाएगी.
यह सम्मेलन शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श और सहयोग का मंच प्रदान करेगा. साथ ही इसका उद्देश्य डिजिटल दौर में विकसित हो रही नई प्रबंधन पद्धतियों को समझना और भविष्य के सक्षम नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करना है.
20 फरवरी 2026 को आयोजित उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी (JSLPS) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आईएएस अधिकारी अनन्य मित्तल उपस्थित रहेंगे.
वहीं जिंदल स्टील लिमिटेड के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट एवं कोल मैनेजमेंट ग्रुप के प्रमुख राजीव रंजन विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे.
सम्मेलन के उद्घाटन एवं प्लेनरी सत्रों में देश-विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षाविद मुख्य व्याख्यान देंगे. इसके अतिरिक्त दस अलग-अलग विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे.
प्रत्येक ट्रैक में सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र और उत्कृष्ट मौखिक प्रस्तुति के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. उद्घाटन सत्र के दौरान ‘बुक ऑफ एब्स्ट्रैक्ट्स’ का विमोचन भी किया जाएगा.
आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन डिजिटल परिवर्तन के दौर में प्रबंधन के नए आयामों को समझने तथा अकादमिक और औद्योगिक जगत के बीच मजबूत संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment