Ranchi : JPSC और JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में डुमरी विधायक और JLKM प्रमुख जयराम महतो ने पुराने विधानसभा परिसर के पास एक दिवसीय निर्जला उपवास किया. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों के समर्थन में वह हर स्तर पर उनके साथ खड़े हैं.
जयराम महतो ने कहा कि छात्रों का आंदोलन मार्च, धरना, प्रदर्शन, हड़ताल या आर्थिक नाकेबंदी तक जाता है तो भी उन्हें उनका नैतिक और शारीरिक समर्थन मिलता रहेगा.
सीबीआई जांच की मांग पर उन्होंने सरकार को घेरा. जयराम महतो ने कहा कि सरकार सीबीआई जांच से पीछे हट रही है, क्योंकि जांच होने पर कई बड़े नाम सामने आने का डर हो सकता है. उन्होंने कहा कि 40 से 60 लाख रुपये के मामले को केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं माना जा सकता.
उन्होंने इस मामले में लाइव नारको टेस्ट कराने की मांग की. उनका कहना था कि जांच के दौरान जिस-जिस व्यक्ति का नाम सामने आए, उसका भी नारको टेस्ट कराया जाए, ताकि मामले की पूरी कड़ी सामने आ सके. उन्होंने CID की जांच पर भी सवाल उठाया और कहा कि CGL मामले में CID की जांच का तरीका लोग देख चुके हैं.
जयराम महतो ने सरकार की ओर से कुछ छात्रों और छात्र संगठनों से बातचीत किए जाने पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि सरकार को उन छात्रों से बात करनी चाहिए जो पिछले करीब 15 दिनों से आंदोलन में बैठे हैं. उन्होंने कहा कि बातचीत ऐसे अभ्यर्थियों से होनी चाहिए जो एडमिट कार्ड के साथ आंदोलन स्थल पर मौजूद हैं और परीक्षा से सीधे जुड़े हैं.
JLKM प्रतिनिधिमंडल के सरकार से बातचीत करने के दावे को भी जयराम महतो ने खारिज किया. उन्होंने कहा कि मंत्रियों से मिलने वाला प्रतिनिधिमंडल JLKM का नहीं था, बल्कि JPSC-JSSC मामले में न्याय की मांग कर रहे अभ्यर्थियों का था. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का कोई प्रतिनिधिमंडल मंत्रियों से बातचीत करने नहीं गया है.
विधानसभा घेराव और मार्च को लेकर जयराम महतो ने कहा कि वह छात्रों के साथ पैदल मार्च में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह मास्क लगाकर भी मार्च करेंगे, ताकि मीडिया का पूरा ध्यान छात्रों की मांगों पर रहे.
उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान वह सदन के अंदर सरकार के सामने छात्रों का मुद्दा उठाएंगे और सत्र खत्म होने के बाद फिर आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच पहुंचेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment