Ranchi : चुटिया थाना क्षेत्र स्थित सुजाता पटेल कंपाउंड में बीती रात चोरों ने एक पुलिस अधिकारी के घर में चोरी की है. चोर शशि गुप्ता के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नकद के अलावा फ्रीज-टीवी सहित कई सामान लेकर फरार हो गए. इस संबंध में चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
घर खाली देखकर चोरों ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर पर ताला लगा हुआ था और परिवार के लोग अपने काम से बाहर गए थे. इसी दौरान चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कीमती सामान चोरी कर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस अधिकारी ने चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
चुटिया थाना प्रभारी के अनुसार, चोरी की वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि करीब 20 लाख की चोरी हुई है. फिलहाल चोरी गए सामान का पूरा ब्योरा और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है. पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.
रांची के कई इलाकों में चोरी और लूट की घटनाएं
राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और लूट की घटनाएं सामने आती रही हैं. चुटिया, नामकुम और कांके जैसे इलाकों में हुई घटनाओं ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है. हाल ही में कांके थाना क्षेत्र में एक पूर्व कर्मचारी के घर में हथियार के बल पर लूटपाट की घटना भी सामने आई थी. उस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.

