Search

रांची: चैंबर व गवर्नमेंट टूल रूम के बीच हुई बैठक, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप ट्रेनिंग पर जोर

Ranchi: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम परिसर में प्रिंसिपल सह प्रबंध निदेशक महेश गुप्ता के साथ बैठक की. यह बैठक झारखंड चैंबर और गवर्नमेंट टूल रूम के बीच पूर्व में हस्ताक्षरित एमओयू के पालन को लेकर हुई. 

 


बैठक में चैंबर के उपाध्यक्ष राम बांगड़ एवं स्किल डेवलपमेंट उप समिति के चेयरमैन आलोक सिंह भी शामिल हुए. इस दौरान MSME एवं मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए स्किल डेवलपमेंट, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण तथा असंगठित श्रमिकों को प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई.

 

चैंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने टूल रूम से उनके प्रशिक्षण संसाधनों, आधुनिक मशीनरी, लैब्स एवं अन्य सुविधाओं का विस्तृत विवरण साझा करने का आग्रह किया, ताकि इसकी जानकारी चैंबर के सभी सदस्यों तक पहुंचाई जा सके और अधिक से अधिक उद्योग इसका लाभ उठा सकें. साथ ही यह भी विचार किया गया कि झारखंड के अन्य शहरों से जुड़े सदस्य किस प्रकार टूल रूम की सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं. इसके लिए आउटरीच प्रोग्राम, इंडस्ट्री कनेक्ट एवं संभावित सहयोग मॉडल पर मंथन हुआ.

 

बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि टूल रूम उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करेगा और चैंबर सदस्यों के लिए संस्थान विजिट भी आयोजित की जाएगी. इसके अलावा, 20 मई को झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम द्वारा चैंबर सदस्यों के समक्ष एक विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें प्रशिक्षण मॉड्यूल, प्लेसमेंट सपोर्ट और इंडस्ट्री कोलैबोरेशन की रूपरेखा साझा की जाएगी.

 

स्किल डेवलपमेंट उप समिति के चेयरमैन आलोक सिंह ने कहा कि इस पहल से राज्य में कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी और उद्योगों को प्रशिक्षित एवं योग्य मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//