Ranchi : राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक जुनैद खान को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी बरियातू इलाके का ही रहने वाला है. उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है.
इसे भी पढ़ें
गौरतलब है कि बरियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ा तालाब स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी की एक नाबालिग लड़की 26 अक्टूबर को सब्जी लेने जाने की बात कहकर घर से निकली थी और रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी. इस मामले में परिजनों ने बरियातू थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.
किशोरी के पिता ने आरोप लगाया था कि सत्तार कॉलोनी निवासी युवक जुनैद खान उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. परिजनों के आरोपों के मुताबिक, इससे पहले भी जुनैद खान किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. हालांकि, उस समय किशोरी वापस घर लौट आई थी.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और किशोरी को बरियातू इलाके से ही बरामद कर लिया. साथ ही आरोपी युवक जुनैद को भी गिरफ्तार किया गया. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

