Search

 
 
 

अवैध निर्माण पर रांची नगर निगम सख्त, जी+2 व मल्टीस्टोरी भवनों की होगी जांच

शहर में अवैध निर्माण पर लगाम कसने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है. गुरुवार को निगम प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में झारखंड भवन उपविधि के अनुपालन को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए.
 

Ranchi : शहर में अवैध निर्माण पर लगाम कसने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है. गुरुवार को निगम प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में झारखंड भवन उपविधि के अनुपालन को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए. नगर निवेशक शाखा और संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट कहा गया कि नियमों के विरुद्ध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

 

बैठक में शहर के सभी जी+2 और मल्टीस्टोरी भवनों की सघन जांच के लिए जोनवार टीम गठित करने का निर्णय लिया गया. बिना वैध नक्शा अनुमोदन या नियमों के उल्लंघन में निर्माण पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

 

व्यावसायिक और आवासीय भवनों की गिफ्ट डीड की भी युद्धस्तर पर जांच होगी. गिफ्ट डीड की जमीन पर अतिक्रमण या अवैध निर्माण मिलने पर तत्काल हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

 

निगम ने सभी वैध भवन प्लानों का समेकित डाटाबेस तैयार करने का फैसला किया है, ताकि भविष्य में नक्शा विचलन पर सीधे कार्रवाई हो सके. भवन प्लान आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन और शिकायत मिलने पर अवैध संरचनाओं को सील करने के निर्देश भी दिए गए.

 

प्रशासक ने कहा कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले बीपीएएमएस सिस्टम के जरिए ऑनलाइन प्रारंभ प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य होगा. निर्माण स्थल पर ग्रीन नेट लगाना भी जरूरी रहेगा. बैठक में उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, नगर निवेशक राम बदन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही