Search

रांची नगर निगम चुनाव: मेयर प्रत्याशी रमा खलखो ने बताया 100 दिनों का एजेंडा

 संवाददाता- बसंत मुंडा/श्रेया गुप्ता 


Ranchi: नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है. कई प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए हैं, जबकि 7 फरवरी को सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न (सिंबल) आवंटित किए जाएंगे. इसके बाद प्रत्याशी घर-घर जाकर आम जनता से समर्थन और वोट मांगेंगे. इसी क्रम में कांग्रेस समर्थित और आरक्षित सीट से मेयर पद की उम्मीदवार रमा खलखो से संवाददाता बसंत मुंडा और श्रेया ने खास बातचीत की. बातचीत के दौरान उन्होंने अपने एजेंडे और प्राथमिकताओं को लेकर विस्तार से जवाब दिया.

 

सवाल – आपके कार्यकाल के पहले 100 दिनों की प्राथमिकताएं क्या होंगी?

जवाब – रमा खलखो: उन्होंने कहा कि मेयर बनने के बाद सबसे पहले मोहल्लों और वार्डों का भ्रमण कर ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करने पर काम किया जाएगा. इससे शहर को बेहतर और सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा.

 

सवाल – अगर आप मेयर बनती हैं तो जनता अपनी समस्या सीधे आप तक कैसे पहुंचा सकेगी?

जवाब – रमा खलखो: उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनने के लिए उनका दरवाजा 24 घंटे खुला रहेगा. साथ ही उनका व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक रहेगा, ताकि लोग सीधे संपर्क कर सकें.

 

सवाल – नगर निगम की आय बढ़ाने और भ्रष्टाचार रोकने के लिए आप क्या करेंगी?

जवाब – रमा खलखो: उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में नगर निगम का राजस्व लगभग 850 करोड़ रुपये था. बाद में संपत्ति कर और अन्य स्रोतों से आय बढ़ी है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में नगर निगम की सालाना आय करीब 120 करोड़ रुपये है. शहर में लगभग 2 से ढाई लाख मकान हैं, लेकिन इनमें से केवल लगभग 50 से 60 हजार मकानों का ही नक्शा पास है. वह इस दिशा में अध्यादेश लाकर अधिक से अधिक भवनों का नक्शा पास कराने पर जोर देंगी, जिससे नगर निगम की आय में वृद्धि होगी. साथ ही पार्किंग, ट्रेड लाइसेंस और अन्य राजस्व स्रोतों को भी मजबूत किया जाएगा.

 

सवाल – महिलाओं की सुरक्षा के लिए आपकी क्या रणनीति होगी?

जवाब – रमा खलखो: उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. पहले भी महिला आयोग के माध्यम से कई सेमिनार और कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. स्कूल और कॉलेजों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि कानून के साथ-साथ महिलाओं को स्वयं भी जागरूक और सशक्त बनने की जरूरत है. साथ ही महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सखी महिला मंडल और स्वयं सहायता समूहों के साथ मिलकर काम किया जाएगा. आम जनता के लिए जारी किए नम्बर 9693114994.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp