Search

 
 
 

Ranchi : निगम की कार्रवाई, मोरहाबादी साप्ताहिक सब्जी हाट पर चला बुलडोजर, विक्रेताओं में गुस्सा

राजधानी के मोरहाबादी मैदान स्थित वेंडिंग मार्केट के बाहर वर्षों से लग रहे साप्ताहिक सब्जी हाट पर शनिवार सुबह रांची नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. सुबह करीब छह बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगी सब्जी की दुकानों को हटाया गया.
 
झारखंड की राजधानी रांची की खबरें
  • सड़क पर उतरे सैकड़ों विक्रेता
  • वैकल्पिक बाजार की मांग तेज

Ranchi :  राजधानी के मोरहाबादी मैदान स्थित वेंडिंग मार्केट के बाहर वर्षों से लग रहे साप्ताहिक सब्जी हाट पर शनिवार सुबह रांची नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. सुबह करीब छह बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे लगी सब्जी की दुकानों को हटाया गया.

 

Uploaded Image

 

इस दौरान कई दुकानों के सामान के साथ स्टॉल भी जब्त कर ट्रकों पर लोड कर लिए गए.नगर निगम ने वेंडिंग जोन के अंदर बिना आवंटन (अलॉटमेंट) संचालित हो रही दुकानों पर भी कार्रवाई की. निगम के अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से कई अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया. 

 

Uploaded Image

 

नगर निगम का कहना है कि सड़क पर लगने वाले इस बाजार के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ऐसे में जाम की समस्या से मुक्ति पाने के लिए निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. 

 

Uploaded Image


नगर निगम की इस कार्रवाई के विरोध में सैकड़ों सब्जी विक्रेता सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान कुछ विक्रेताओं ने नगर निगम की गाड़ियों के सामने लेटकर विरोध दर्ज कराया.  इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर बाजार हटाना है तो हमारी लाश के ऊपर से गुजरना होगा. 

 

Uploaded Image


विक्रेताओं का आरोप है कि अभियान के दौरान नगर निगम ने उनके स्टॉल और सब्जियों के साथ नकदी भी जब्त कर ली, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. उनका कहना है कि प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना और बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के कार्रवाई की, जिससे सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

 

विक्रेताओं का सीधा मांग है कि उन्हें  नगर निगम सब्जी बेचने की जगह दे और अगर यह संभव नहीं है तो उन्हें नगर निगम में नौकरी दे.

 

Uploaded Image

 


सब्जी विक्रेताओं ने नगर निगम से मांग की है कि जिस प्रकार शहर में वेंडिंग जोन बनाए गए हैं, उसी तरह उनके लिए स्थायी सब्जी हाट की व्यवस्था की जाए. उनका कहना है कि यदि मोरहाबादी में बाजार लगाने की अनुमति नहीं दी जाती है तो प्रशासन उन्हें ऐसा वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराए, जहां वे नियमित रूप से अपनी दुकान लगा सकें.

 

कुछ विक्रेताओं ने यह भी कहा कि यदि रोजगार का कोई विकल्प नहीं दिया जा सकता तो नगर निगम उन्हें रोजगार उपलब्ध कराए. 

 

जानकारी के अनुसार, मोरहाबादी का यह साप्ताहिक हाट पिछले कई वर्षों से शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए आय का प्रमुख माध्यम रहा है. प्रत्येक सप्ताह यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते थे. हालांकि, बाजार के कारण मुख्य सड़क पर सुबह और शाम के समय लगातार ट्रैफिक जाम की शिकायतें मिल रही थीं.  जिसके चलते जिला प्रशासन और नगर निगम ने बाजार को हटाने का निर्णय लिया. 

 

प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा. स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की. प्रशासन की ओर से विक्रेताओं को वैकल्पिक स्थान पर दुकान लगाने का प्रस्ताव भी दिया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी फिलहाल अपने पुराने स्थान पर ही साप्ताहिक हाट संचालित करने की मांग पर अड़े हुए हैं.

 

फिलहाल पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी विक्रेताओं के साथ बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं. वहीं, बाजार बंद होने से स्थानीय खरीदारों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. अब सभी की नजर प्रशासन और सब्जी विक्रेताओं के बीच होने वाली वार्ता पर टिकी है, जिससे इस विवाद का स्थायी समाधान निकल सके.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही