Ranchi: शहर के विकास के लिए अब नगर निगम ने कमर कस ली है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में आय बढ़ाने को लेकर शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक हुई. जिसमें कहा गया कि अब राजस्व में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी.
बैठक में होल्डिंग टैक्स, वाटर टैक्स, विज्ञापन शुल्क, दुकान किराया समेत सभी प्रमुख स्रोतों की समीक्षा की गई. अधिकारियों को टारगेट आधारित कार्ययोजना बनाकर तय समय में वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है. नगर आयुक्त ने कहा कि पिछले साल के प्रदर्शन से आगे बढ़ते हुए, इस बार नया रिकॉर्ड बनाना होगा.
11 अप्रैल से शहर में टैक्स कलेक्शन अभियान शुरू होगा. ऑनलाइन पेमेंट को बढ़ावा देने के साथ वार्ड स्तर पर कैंप लगाकर लोगों को सुविधा दी जाएगी. पहली तिमाही में 10% छूट का लाभ दिलाने पर भी जोर रहेगा. अप्रैल में मेगा कलेक्शन ड्राइव चलाकर अधिकतम वसूली का लक्ष्य रखा गया है. डिजिटल सिस्टम को मजबूत करते हुए SMART RANCHI ऐप, वेबसाइट और व्हाट्सएप चैटबॉट के जरिए भुगतान को आसान बनाया जाएगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे.
राजस्व रिसाव रोकने के लिए नए और कम आंके गए भवनों की पहचान कर तुरंत असेसमेंट किया जाएगा. अवैध जल कनेक्शन पर सख्ती और नियमितीकरण के लिए अभियान भी चलेगा.
बाजार शाखा को खास जिम्मेदारी देते हुए पार्किंग, विज्ञापन और दुकान किराया पर नजर रखने के निर्देश दिए गए. अवैध वसूली पर कार्रवाई, सीसीटीवी लगाने और अवैध होर्डिंग हटाने का आदेश दिया गया. नगर आयुक्त ने कहा कि निगम की वित्तीय मजबूती ही शहर के विकास की असली नींव है, इसलिए इस साल हर हाल में नया कीर्तिमान बनाना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

