Ranchi : मतदान केंद्र में प्रवेश से पहले ही गेट के पास लोगों की भीड़ लगी है. लेकिन दोपहर 2:00 बजे के बाद इन मतदान केंद्रों के भीतर जाने पर मतदाताओं की भीड़ कम थी. दोपहर के दो बज चुके हैं.

ऐसे में झुंड में कुछ लोग थोड़े-थोड़े समय बाद अपने मताधिकार का प्रयोग करने अपने-अपने मतदाता केंद्र में आ रहे हैं. डॉन बॉस्को स्कूल हेसाग मतदान केंद्र में 6 बूथ बने हैं. सुबह से ही यहां महिलाएं एवं पुरुष वोट देने पहुंचे थे.

लेकिन 6 में से 2 ही बूथ में ही थोड़ी देर के लिए मतदाताओं की लाइन लगी थी, बाकी बूथ में कम संख्या में वोटर थे. इस मतदान केंद्र में सुबह 7:00 बजे सबसे पहले वोट करने वाली वार्ड 51 के विकास नगर रोड नंबर वन निवासी प्रिया कौशिक को पीठासीन पदाधिकारी द्वारा सम्मानित जागरूक मतदाता प्रमाण पत्र दिया गया.

बूथ पर चलने फिरने में असमर्थ महिला विकास नगर निवासी 50 वर्षीय जया व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान करने पहुंची थी. वहीं, वास्को नगर निवासी 90 वर्षीय सची दुलार चक्रवर्ती एवं 80 वर्षीय एनिमा चक्रवर्ती ने अपना मताधिकार का प्रयोग किया.

उन्होंने कहा कि वोट ही विकास का रास्ता है. राजकीयकृत मध्य विद्यालय कल्याणपुर स्कूल में भी दोपहर बाद लोग झुंड बनाकर आ रहे थे. यहां पांच बूथ बनाए गए थे लेकिन पूरे दिन किसी भी बूथ में लंबी लाइन नहीं थी.

यहां बूथ पर वोट डालने आए कल्याणपुर निवासी गिन्नी लाल विश्वकर्मा एवं अविनाश कुमार झा ने कहा कि यहां जो भी वार्ड पार्षद और मेयर बने रांची और हटिया के विकास को प्रमुखता दें. वार्ड पार्षद और मेयर लोगों के विश्वास पर खड़े उतरे.

80 वर्षीय दशमी कुजूर ने कहा की रांची एवं हटिया का समुचित विकास हो इसलिए वे वोट देने आई है. लटमा रोड स्थित उर्सुलाइन स्कूल मतदान केंद्र में तीन बूथ बने थे, दोपहर 12:00 बजे तक यहां मतदाताओं की भीड़ थी लेकिन दोपहर 2:00 बजे इक्के-दुक्के वोटर ही मतदान करने पहुंच रहे थे.

तीनों मतदान केंद्र में ब्लॉक लेवल अधिकारी मतदाताओं को उनके बूथ के लिए गाइड कर रहे थे. जो लोग वोट दे चुके थे वह अपने मित्रों से बूथों के हालात बयां कर रहे थे. हंसी मजाक के माहौल में लोग एक दूसरे को अपने-अपने अनुभव बता रहे थे.

तीनों मतदान केंद्र में पुलिस बल के पुख्ता इंतजाम है, वोटर के आई कार्ड देखकर ही वोटरों को बूथ में जाने दिया जा रहा है. लोगों में उत्साह का माहौल देखते बन रहा था, बुजुर्ग से लेकर युवा लाइन में घंटे खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे. मतदान केंद्र में पेयजल की अच्छी व्यवस्था है बूथ में बिजली की भी व्यवस्था है, मतदाताओं के बैठने के लिए बेंच भी रखे हुए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment