Ranchi News : झारखंड के पूर्व आईपीएस अधिकारी और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के बेटे अभिषेक चौधरी ने जमीन खरीद के नाम पर करीब दो करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया है.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इस मामले में उन्होंने हिंदपीढ़ी थाने में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. एफआईआर में शाहनवाज शेख, आफताब शेख, सफदर शेख, तबस्सुम इसरार और शबनम शेख को आरोपी बनाया गया है.
अभिषेक चौधरी के अनुसार, वर्ष 2021 में शाहनवाज शेख और उनके भाई-बहनों ने खलारी और चान्हो अंचल के केदल एवं रामदगा गांव में स्थित करीब 736 डिसमिल जमीन बेचने का प्रस्ताव अमिताभ चौधरी के सामने रखा था. जमीन की कीमत 20 हजार रुपये प्रति डिसमिल बताई गई थी.
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि जमीन खरीदने के लिए अमिताभ चौधरी ने अलग-अलग किस्तों में करीब दो करोड़ रुपये का भुगतान किया था. यह रकम दरभंगा और मधुबनी में स्थित उनकी पैतृक जमीन बेचकर जुटाई गई थी.
आरोप के मुताबिक, 9 सितंबर 2021 को शाहनवाज शेख ने अमिताभ चौधरी के ई-मेल पर जमीन का एकरारनामा भेजा था. इसके बाद 20 जुलाई 2022 को अंतिम किस्त के रूप में 21 लाख रुपये का चेक दिया गया.
हालांकि, जमीन की रजिस्ट्री पूरी होने से पहले ही 16 अगस्त 2022 को अमिताभ चौधरी का निधन हो गया. अभिषेक चौधरी का आरोप है कि इसके बाद 28 अगस्त को शाहनवाज शेख से मुलाकात हुई, जहां उन्होंने जमीन की कीमत 25 हजार रुपये प्रति डिसमिल तय होने की बात कही और करीब 1.32 करोड़ रुपये प्राप्त करने की बात स्वीकार की.
अभिषेक के मुताबिक, जब उन्होंने रकम वापस करने या जमीन की रजिस्ट्री कराने की मांग की तो आरोपी पक्ष की ओर से कथित तौर पर टालमटोल की जाने लगी. बाद में जमीन की कीमत 50 हजार रुपये प्रति डिसमिल बताते हुए कथित तौर पर एक करोड़ रुपये अतिरिक्त मांगने का आरोप है. 17 अगस्त 2023 को हुई एक अन्य मुलाकात में शाहनवाज शेख ने जमीन बैंक के पास गिरवी रखे जाने की बात कही.
फिलहाल हिंदपीढ़ी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस जमीन से जुड़े दस्तावेज, भुगतान की जानकारी और दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते की जांच कर रही है. मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

