Ranchi News : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू)की महिला फुटबॉल टीम के गठन के लिए बुधवार को चयन ट्रायल आयोजित किया गया. पद्मश्री डॉ. रामदयाल मुंडा फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित ट्रायल में 31 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 21 का चयन विश्वविद्यालय की टीम के लिए किया गया.
चयन ट्रायल के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर और खेल निदेशक डॉ. विनय भरत मौजूद रहे. शारीरिक प्रशिक्षण प्रशिक्षक (पीटीआई) परमेश्वर महतो और प्रिया ने चयन प्रक्रिया के संचालन में अहम भूमिका निभाई.
कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने कहा कि खेल से युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है. विश्वविद्यालय छात्राओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है. नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा निखार सकती हैं और विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर सकती हैं.
खेल निदेशक डॉ. विनय भरत ने कहा कि महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी से विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति मजबूत होगी. उन्होंने चयनित खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने, अनुशासन बनाए रखने और टीम भावना के साथ खेलने की अपील की. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य ऐसी टीम तैयार करना है, जो अंतर-विश्वविद्यालयीय और अन्य प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करे.
चयनित खिलाड़ियों में पुष्पा कुमारी, रिया कुमारी, ललिता टोप्पो, प्रियंका कुमारी, बिनीता लकड़ा, सोनी कुमारी, आरती कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, निशा लिंडा, रोशनी तिग्गा, उर्वशी कुमारी, संगीता कुमारी, अंजलि कुजूर, अल्फा कंडुलना, प्रिया कुमारी, प्रियंका कुमारी, नेहा मुंडा, उषा उरांव, निशु नाग, अनु कुमारी और पूजा कुमारी शामिल हैं.
विश्वविद्यालय में महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने और छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में इस चयन को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

