Ranchi News : राजधानी में 1.25 किलोमीटर लंबे बहुबाजार-सिरमटोली फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेज हो गया है. इस प्रोजेक्ट का अब तक 47 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है. इसके मुख्य हिस्से यानी 400 मीटर लंबे सेंटर स्लैब का निर्माण पूरा हो गया है. इस 400 मीटर सेंटर स्पैन में कुल 12 पिलर और 11 स्लैब शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें...
फ्लाईओवर निर्माण के लिए पहले 14 जून का लक्ष्य तय था. अब इसे मार्च 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है. इसे देखते हुए पिलर और पियर कैप (पिलर का ऊपरी ढांचा) का निर्माण काफी तेज कर दिया गया है. प्रोजेक्ट में छिटपुट जगहों पर भूमि अधिग्रहण को लेकर थोड़ा पेंच फंसा हुआ है, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक इसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा.
कांटाटोली की ओर सभी पिलर के फाउंडेशन पूरे
कांटाटोली की ओर जाने वाले हिस्से में बाईं तरफ के पिलरों को तकनीकी भाषा में केएलपी (कांटाटोली लेफ्ट पियर) नाम दिया गया है. इस सेक्शन में कुल 15 पिलर बनाए जाने हैं. इन सभी 15 पिलरों के फाउंडेशन (नींव) का काम पूरा हो चुका है. इसके साथ ही 8 पिलरों पर पियर कैप का कार्य भी पूरा हो गया है.
मेकॉन की ओर 4 फाउंडेशन बाकी
इसी तरह मेकॉन की तरफ जाने वाले हिस्से में बाईं तरफ के खंभों को एमएलपी (मेकॉन लेफ्ट पियर) कहा गया है. इस सेक्शन में कुल 18 पिलरों का निर्माण होना है. यहां अब तक 14 पिलरों का फाउंडेशन तैयार कर लिया गया है. वहीं, 4 पिलरों पर पियर कैप भी बन चुका है.
213.35 करोड़ का प्रोजेक्ट, 56% तक घटेगा ट्रैफिक का दबाव
पथ निर्माण विभाग की ओर से 1.25 किमी लंबे फ्लाईओवर का निर्माण 213.35 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है. अनुमान है कि मार्च में इस फ्लाईओवर के चालू होने के बाद बहुबाजार, सिरमटोली, कांटाटोली और मेकॉन के बीच वाहनों का दबाव 56 प्रतिशत तक कम हो जाएगा. पटेल चौक (मेकॉन) से कांटाटोली तक का पूरा स्ट्रेच सिग्नल-फ्री हो जाएगा, जिससे राजधानीवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

