Ranchi News : तुपुदाना ओपी क्षेत्र में वर्ष 2023 से अफीम तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी अमित को रांची पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया. पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच के सहयोग से अमित को 18 अगस्त रोहिणी इलाके में मधुबन चौक के पास पकड़ा.
यह मामला 20 अप्रैल 2023 का है. दिल्ली क्राइम ब्रांच और तुपुदाना ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने राजेश नाग को गिरफ्तार किया था. उसके कब्जे से 492 ग्राम अफीम बरामद की गई थी. इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान राजेश नाग ने अपने साथियों के रूप में रंजीत सिंह और अमित के नाम बताया था. मामले में पुलिस रंजीत सिंह के खिलाफ पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, जबकि आरोपी अमित 2023 से फरार चल रहा था.
इसी बीच 17 अगस्त को दिल्ली क्राइम ब्रांच की NR-II टीम को सूचना मिली कि अमित रोहिणी इलाके में मौजूद है. सूचना पर केस के जांच अधिकारी विवेक कुमार महतो पुलिस बल के साथ दिल्ली पहुंचे. इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी कर अमित को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अमित को रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस तीन दिनों का ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रांची लाई. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अफीम तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.

