Vikash Singh
Ranchi News : राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदिल गद्दी उर्फ काटी उर्फ सेम उर्फ दिलकश गद्दी के रूप में हुई है. वह नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी, गली नंबर-3 का निवासी बताया गया है.
इसे भी पढ़ें...
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को कमला कांता रोड, नौवा टोली निवासी मनीष कुमार दुबे ने सुखदेवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH01CG-5360 है, किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर ली है. शिकायत के आधार पर सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 341/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली. इसके आधार पर पहाड़ी मंदिर के पीछे अखड़ा के पास बाड़ुंडी स्थित बांसझाड़ी के समीप छापेमारी की गई. पुलिस ने वहां से आदिल गद्दी को पकड़ा और उसके पास से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर ली.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने 14 अक्टूबर की शाम कमला कांता रोड, नौवा टोली से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की. इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ सदर, हिन्दपीढ़ी, डोरंडा और लोअर बाजार थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट समेत विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 से 2024 के बीच भी कई प्राथमिकी दर्ज की गई थीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

