Ranchi News: अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू विद्यानगर (करम चौक के पास) से लापता छात्र आर्यन कुमार के संबंध में अहम जानकारी सामने आई है. पुलिस की छानबीन में पता चला है कि आर्यन गयाजी स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर चला गया था. इसके बाद पुलिस और परिजन उसे वापस रांची लाने के लिए गयाजी पहुंच गए हैं.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर की दोपहर करीब 3 बजे आर्यन अपने घर से ट्यूशन जाने के लिए निकला था. उसके पिता ने उसे ट्यूशन की फीस के लिए 700 रुपये भी दिए थे. निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब आर्यन घर नहीं लौटा, तो परिजन चिंतित हो गए. उन्होंने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
इसके बाद परिजनों ने 9 अक्टूबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. छानबीन के दौरान जानकारी मिली कि आर्यन गयाजी में अपने एक रिश्तेदार के यहां है. फिलहाल, पुलिस और परिजन गयाजी पहुंचकर आर्यन को वापस रांची लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं. छात्र के मिलने की जानकारी से परिजनों ने राहत की सांस ली है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

