Ranchi: राजधानी के अशोक नगर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 9 जुलाई को हुई इस वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने 17.36 लाख नकद, सोने के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार बरामद की है. कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के तीन प्रमुख सदस्य अब भी फरार हैं.
मामले की खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल इनपुट के आधार पर जांच की. जांच की कड़ियां कोलकाता तक पहुंचीं, जहां छापेमारी कर चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार बरामद की गई. इसके अलावा चोरी की नकदी और सोने के गहने भी जब्त किए गए.
इसे भी पढ़ें:
जांच में सामने आया कि इस वारदात के पीछे अंतरराज्यीय चोर गिरोह सक्रिय था. गिरोह के सरगना मो. इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन के साथ अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा इस घटना में शामिल थे. छापेमारी के दौरान आरोपियों की पत्नियों गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली के कब्जे से चोरी की रकम और आभूषण बरामद हुए. इसके बाद दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी मो. इरफान के खिलाफ देश के कई राज्यों में चोरी के लगभग 80 मामले दर्ज हैं. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, छत्तीसगढ़, बिहार और पंजाब सहित कई राज्यों की पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही है. छापामारी में पुलिस ने 17 लाख 36 हजार नगद ,सोने का मंगलसूत्र, डायमंड का एक आभूषण, तीन सोने की अंगूठियां, और चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार को जब्त किया है
रांची पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही गिरोह के पूरे नेटवर्क, चोरी की रकम के लेन-देन और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment