Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Ranchi News: भाजपा ने मासिक बैठक में आगामी कार्यक्रमों की बनाई रणनीति

Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित की गई. बैठक में बीते एक माह के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी संगठनात्मक और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई. साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया झारखंड प्रवास के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई.


बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ, जिला और प्रदेश स्तर पर नियमित मासिक बैठकों की श्रृंखला तय की गई है. इसी क्रम में प्रत्येक माह की 15 तारीख को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.


उन्होंने बताया कि बैठक में हाल के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी आयोजनों की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई. भाजपा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर मनाएगी. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे कार्यक्रमों के तहत किसान मोर्चा प्रत्येक जिले में जैविक (ऑर्गेनिक) खेती विषय पर संगोष्ठियों का आयोजन करेगा.


प्रदेश महामंत्री ने बताया कि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अमर बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि और स्मरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा 25 जून को आपातकाल (इमरजेंसी) की वर्षगांठ पर लोकतंत्र पर हुए प्रहार को याद करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.


बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे, हाल ही में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग और मोदी सरकार के 12 वर्षों को लेकर चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई. साथ ही आगामी एक माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई.


अमर कुमार बाउरी ने कहा कि यह पूरी तरह संगठनात्मक बैठक थी, जिसका उद्देश्य पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाना है.


बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही