Ranchi News: झारखंड सरकार की वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ भाजपा राज्यव्यापी जनजागरण अभियान चलाएगी. साथ ही पार्टी लोकतांत्रिक संघर्ष को और तेज करेगी. पार्टी कार्यकर्ता युवा, किसान, महिला, आदिवासी के मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक जाएगी. यह निर्णय रांची के सुकुरहुटू में संपन्न भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के चौथे सत्र में लिया गया. इस दौरान राजनीतिक प्रस्ताव-2 सर्वसम्मति से पारित हुए.
इसे भी पढ़ें:
अंत्योदय और विकसित झारखंड का संकल्प
बैठक में कई महत्वपूर्ण संकल्प लिए गए. पार्टी कार्यकर्ता जनसेवा को अपना ध्येय मानेंगे. राष्ट्रहित सर्वोपरि होगा. अंत्योदय के आदर्श पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाया जाएगा. बैठक में मांग की गई कि पिछड़ा वर्ग आयोग से जुड़ा ट्रिपल टेस्ट जल्द पूरा हो. इसके बाद त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय पर कराए जाएं. साथ ही, वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में विकसित झारखंड की अहम भूमिका तय करने का संकल्प दोहराया गया.
कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एमएमडीआर अधिनियम देश और राज्य के हित में है. पंचायत चुनाव में जीत के लिए हर गांव की जनता को साथ लेकर चलना होगा. पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन जनता के मुद्दों को उठाना और व्यवस्था की कमियों पर सवाल पूछना विपक्ष का नैतिक दायित्व है.
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमेशा छात्रों और आदिवासियों के हक के लिए लड़ाई लड़ी है. इसके दबाव में आकर सरकार को छात्रों पर दर्ज झूठे मुकदमे बंद करने पड़े. विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी और मंजू कुमारी ने कहा कि राज्य की जनता अब कुशासन से मुक्ति चाहती है. लोग पारदर्शी और सुशासन वाली सरकार चाहते हैं.
इस अवसर पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा व रघुवर दास, और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत कई वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

