Ranchi News : गोस्सनर कॉलेज के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) द्वारा कॉलेज परिसर की डिस्पेंसरी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर राज अस्पताल के ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित किया गया.
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना था.शिविर में विद्यार्थियों और कर्मचारियों में उत्साह देखा गया. कुल 63 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद 60 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया. इस दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व और सुरक्षित रक्तदान की प्रक्रिया की जानकारी दी गई.
IQAC के समन्वयक डॉ. अजय कुमार ने कहा कि रक्तदान सामाजिक दायित्व के साथ मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है. एक स्वस्थ व्यक्ति का रक्तदान जरूरतमंद मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है. उन्होंने कहा कि युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है.
राज अस्पताल के ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीम ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की और निर्धारित चिकित्सकीय मानकों के अनुसार रक्त संग्रह किया. रक्तदान के बाद प्रतिभागियों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी निर्देश भी दिए गए.
प्रत्येक पात्र रक्तदाता को रक्तदान प्रमाण-पत्र, स्मृति चिह्न और टी-शर्ट प्रदान की गई. इसके अलावा रक्तदाताओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई. कॉलेज प्रशासन और IQAC ने सभी रक्तदाताओं, राज अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार जताया.
शिविर के माध्यम से कॉलेज ने रक्तदान करें, जीवन बचाएं का संदेश दिया. कार्यक्रम ने मानव सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता के प्रति कॉलेज की प्रतिबद्धता को भी सामने रखा.

