Search

 
 
 

Ranchi News : कारोबारी से 2 करोड़ की रंगदारी मांगी, नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी

जिले के कांके थाना क्षेत्र में रहने वाले एक कारोबारी से दो करोड़ की रंगदारी की मांग की गई है. रंगदारी की रकम नहीं देने पर जान से मारने की भी धमकी मिली है. कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह ने कांके थाना में लिखित शिकायत देकर  कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
 
झारखंड की राजधानी रांची की खबरें

Ranchi :  जिले के कांके थाना क्षेत्र में रहने वाले एक कारोबारी से दो करोड़ की रंगदारी की मांग की गई है. रंगदारी की रकम नहीं देने पर जान से मारने की भी धमकी मिली है. कारोबारी आशुतोष कुमार सिंह ने कांके थाना में लिखित शिकायत देकर  कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है.

 

थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, आशुतोष कुमार सिंह को 3 जुलाई की रात एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने 10 दिनों के भीतर दो करोड़ और हर महीने 10 लाख रुपये देने की मांग की. रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उन्होंने संबंधित नंबर को ब्लॉक कर दिया.

 

बताया गया कि 5 जुलाई को उसी तरह के अंतरराष्ट्रीय नंबर से दोबारा कॉल किया गया. कॉल रिसीव नहीं करने पर व्हाट्सएप पर धमकी भरा मैसेज भेजा गया. मैसेज में एक सप्ताह के भीतर दो करोड़ रुपये और हर महीने 10 लाख रुपये देने की मांग की गई. 

 

शिकायत में कहा गया है कि रकम नहीं देने पर पेट्रोल पंप, घर और निर्माणाधीन मॉल पर बमबारी व फायरिंग कराने, फॉर्च्यूनर वाहन को निशाना बनाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. इतना ही नहीं, उनके बेटे की हत्या करने की चेतावनी भी दी गई. साथ ही दावा किया गया कि धमकी देने वालों के पास परिवार और कारोबार से जुड़ी पूरी जानकारी मौजूद है.

 

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि धमकी भरे मैसेज के अंत में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम लिखा गया है. शिकायतकर्ता ने संबंधित व्हाट्सएप मैसेज की फोटो कॉपी भी पुलिस को उपलब्ध कराई है.

 

कारोबारी ने अपने आवेदन में यह भी बताया है कि करीब एक माह से उनके भतीजे का उनके मकान को लेकर विवाद चल रहा है. उनका आरोप है कि जब भी वह मकान खाली करने की बात करते हैं, उन्हें इस तरह की धमकियां मिलने लगती हैं.

 

इधर, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी देने वालों की पहचान कर जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही