Ranchi News: त्योहारी सीजन के दौरान हवाई किराये में अप्रत्याशित वृद्धि पर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने चिंता जताई है. चैंबर ने केंद्र और राज्य सरकार से हवाई किराये पर उचित सीमा (कैपिंग) तय करने की मांग की है. चैंबर का कहना है कि छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर एयरलाइंस कंपनियों को मनमाने तरीके से किराया नहीं बढ़ाना चाहिए.
इसे भी पढ़ें:
1 दिसंबर से 16 जनवरी तक सुबह की फ्लाइट रद्द
चैंबर की सिविल एविएशन उप समिति की बैठक में रांची-दिल्ली के बीच इंडिगो की सुबह की फ्लाइट अस्थायी रूप से रद्द किए जाने का मामला भी उठा. उप समिति के चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया ने बताया कि एक दिसंबर से 16 जनवरी तक सुबह की दिल्ली-रांची-दिल्ली सेवा रद्द कर दी गई है.
इससे सुबह दिल्ली जाने और वहां से दूसरी उड़ानों में कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को परेशानी होगी. चैंबर ने एयरपोर्ट प्रशासन से इंडिगो प्रबंधन के साथ बात कर सेवा बहाल कराने का आग्रह किया है. परिचालन संबंधी दिक्कत होने पर उड़ान के समय में एक-दो घंटे बदलाव का सुझाव भी दिया गया.
सिक्योरिटी के बाद उड़ान कैफे शुरू करने की मांग
बैठक में रांची एयरपोर्ट के अंदर उड़ान कैफे की लोकेशन पर भी सवाल उठाए गए. चैंबर कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने कहा कि मौजूदा लोकेशन यात्रियों की जरूरत के अनुरूप नहीं है. उन्होंने कैफे को सुरक्षा जांच के बाद वाले क्षेत्र में संचालित करने का आग्रह किया, ताकि यात्रियों को उचित दर पर खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध हो सकें.
चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि हवाई सेवा अब व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों की जरूरत बन चुकी है. बैठक में रांची से नई उड़ानें शुरू करने और महत्वपूर्ण शहरों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नागर विमानन मंत्रालय से दोबारा आग्रह करने का निर्णय लिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

