Ranchi : भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए.

इसके बाद कांग्रेस भवन, रांची में आयोजित शहादत दिवस कार्यक्रम में भी कांग्रेस नेताओं ने बिरसा मुंडा को नमन किया. कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा, विधायक ममता देवी समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन की शोषणकारी नीतियों के खिलाफ उलगुलान का नेतृत्व किया और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया. उनका जीवन आज भी लोगों को अन्याय और शोषण के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है.
राजेश कच्छप ने कहा कि बिरसा मुंडा के आदर्श सामाजिक न्याय, समानता और जनकल्याण के लिए हमेशा मार्गदर्शक रहेंगे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment