Search

 
 
 

Ranchi News: बाबूलाल के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कहा -  भाजपा करती है भावनात्मक राजनीति

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने पश्चिम बंगाल को लेकर भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब जनहित और वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने की स्थिति में नहीं है, इसलिए वह “खून, शहादत और डर” की राजनीति कर लोकतांत्रिक माहौल को कमजोर करने का प्रयास कर रही है.
 

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने पश्चिम बंगाल को लेकर भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब जनहित और वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने की स्थिति में नहीं है, इसलिए वह “खून, शहादत और डर” की राजनीति कर लोकतांत्रिक माहौल को कमजोर करने का प्रयास कर रही है.

 

राकेश सिन्हा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता का अपमान करना और हर चुनावी परिणाम को हिंसा और नफरत से जोड़ना भाजपा की पुरानी रणनीति रही है. उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को वास्तव में लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं की चिंता होती, तो वह विपक्षी नेताओं पर केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग, चुनी हुई सरकारों को गिराने और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की राजनीति बंद करती.

 

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर क्यों भाजपा हर उस राज्य में, जहां उसे राजनीतिक चुनौती मिलती है, वहां लोकतांत्रिक जनादेश स्वीकार करने के बजाय हिंसा और षड्यंत्र का माहौल बनाने लगती है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता कई बार भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को नकार चुकी है और अब हार की हताशा में पार्टी “बलिदान” की राजनीति के जरिए सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रही है.

 

राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा नेताओं को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र किसी एक दल की जागीर नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में राजनीतिक हिंसा, सामाजिक तनाव और संस्थागत हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है. ऐसे में दूसरों को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना भाजपा की दोहरी मानसिकता को दर्शाता है.

 

कांग्रेस ने चुनाव आयोग, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भी भाजपा के रवैये पर सवाल उठाए. पार्टी ने कहा कि जब चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में आते हैं, तब संस्थाओं की सराहना की जाती है और जब जनादेश खिलाफ होता है, तब उन्हीं संस्थाओं पर सवाल खड़े किए जाते हैं.

 

पार्टी ने अंत में कहा कि देश की जनता अब भावनात्मक भाषणों से प्रभावित नहीं होने वाली है. लोग महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों पर जवाब चाहते हैं. कांग्रेस ने भाजपा से “शहादत की राजनीति” छोड़कर जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही