Ranchi News : राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. कोकर इलाके में शुक्रवार की सुबह अपराधियों ने घर में घुसकर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और बाइक से फरार हो गए. पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित चड्डा पेट्रोल पंप के पास की है. पीड़ित महिला की पहचान रामपति देवी के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें...
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रामपति देवी अपने घर पर थीं. इसी दौरान अपराधी घर के अंदर पहुंचे और मौका पाकर उनके गले से चेन छीन ली. महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही अपराधी मौके से निकलकर बाइक से फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकजुट हुए. सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.
फुटेज में वारदात और उसके बाद अपराधियों के बाइक से भागने की तस्वीर कैद हुई हैं. पुलिस आसपास के दूसरे कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे अपराधियों के भागने का रास्ता और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें.
सितंबर में लगातार सामने आ रही चेन छिनतई की घटनाएं
रांची में सितंबर महीने के दौरान चेन छिनतई की कई घटनाएं सामने आई हैं. इससे पहले ओल्ड हजारीबाग रोड की विजयवर्गीय कॉलोनी के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे बुजुर्ग के गले से बाइक सवार अपराधियों ने चेन झपट ली थी.
वहीं, पंडरा ओपी क्षेत्र के हेहल ग्रीन पार्क कॉलोनी में सुबह टहल रही महिला से करीब 25 ग्राम सोने की चेन छिनतई की घटना सामने आई थी. इसके अलावा लालपुर और लोअर बाजार थाना क्षेत्र में भी चेन छिनतई के मामले सामने आ चुके हैं.
लगातार हो रही इन घटनाओं से सुबह के समय घर से निकलने वाले लोगों और मॉर्निंग वॉक करने वालों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

