Search

 
 
 

Ranchi News: JTET-2026 की त्रुटियों में सुधार की मांग, अभ्यर्थियों ने कोलेबिरा विधायक को सौंपा ज्ञापन

Ranchi News: अभ्यर्थियों ने मुख्य रूप से दो समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया. पहली समस्या OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की सीरीज (S, T, U, V) का गोला नहीं भर पाने से जुड़ी है. संघ का कहना है कि विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर वीक्षकों की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश नहीं मिलने के कारण कई अभ्यर्थी सीरीज कोड भरने से चूक गए. इससे उन्हें उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन और परिणाम को लेकर चिंता सता रही है.
 
विधायक नमन बिक्सल कोंगारी को ज्ञापन सौंपते अभ्यर्थी

Ranchi News: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) के बाद परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई तकनीकी और प्रक्रियागत खामियों को लेकर अभ्यर्थियों में आक्रोश है. इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोंगारी को ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से इस मामले को मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री, विभागीय सचिव और झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) के समक्ष उठाने की मांग की.


इसे भी पढ़ें:


अभ्यर्थियों ने मुख्य रूप से दो समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया. पहली समस्या OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की सीरीज (S, T, U, V) का गोला नहीं भर पाने से जुड़ी है. संघ का कहना है कि विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर वीक्षकों की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश नहीं मिलने के कारण कई अभ्यर्थी सीरीज कोड भरने से चूक गए. इससे उन्हें उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन और परिणाम को लेकर चिंता सता रही है.

 

दूसरी समस्या ऑनलाइन आवेदन और प्रवेश पत्र में हुई त्रुटियों से संबंधित है. अभ्यर्थियों के अनुसार, आवेदन पोर्टल की तकनीकी खामियों के कारण नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, जाति और भाषा विषय जैसी जानकारियों में गलतियां हुई हैं. कुछ अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में 'Language Teacher' के स्थान पर 'Social Studies' अंकित हो गया है. इससे आगामी सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन में परेशानी होने की आशंका है.

 

संघ ने मांग की है कि OMR शीट में सीरीज कोड नहीं भर पाने वाले अभ्यर्थियों की पहचान परीक्षा केंद्र, प्रश्न-पुस्तिका, उपस्थिति पत्रक और अन्य उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर की जाए. इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उनकी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाए.

 

इसके अलावा अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, मैट्रिक प्रमाण-पत्र और जाति प्रमाण-पत्र जैसे मूल दस्तावेजों के आधार पर आवेदन व प्रवेश पत्र की त्रुटियां सुधारने का मौका देने की मांग की गई है. इसके लिए JAC कार्यालय में विशेष सुधार शिविर या हेल्प डेस्क शुरू करने की बात कही गई है.

 

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि केवल प्रक्रियागत या लिपिकीय त्रुटियों के आधार पर किसी अभ्यर्थी का परिणाम रद्द या लंबित नहीं रखा जाए. तकनीकी गलतियों के कारण किसी योग्य अभ्यर्थी को सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन से वंचित नहीं किया जाए. संघ ने JAC से पूरे मामले पर जल्द आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करने की मांग की है, ताकि अभ्यर्थियों के बीच बना असमंजस दूर हो सके.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही