Ranchi News: 24 सितंबर को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) का तीसरा दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा. समारोह की अंतिम तैयारियों को लेकर सोमवार को गांधी सभागार में समीक्षा बैठक हुई. कुलपति डॉ. राजीव मनोहर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और आयोजन समिति के सदस्य शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में कुलपति ने दीक्षांत समारोह की पूरी रूपरेखा, विभिन्न समितियों के कार्य, उपाधियों के वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने बताया कि तीसरे दीक्षांत समारोह में झारखंड के राज्यपाल सह राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. वहीं, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ. राकेश मोहन दीक्षांत संबोधन देंगे.
कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने कहा कि यह आयोजन पूरी तरह विद्यार्थियों को समर्पित है. उन्होंने निर्देश दिया कि उपाधि वितरण कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रत्येक विभाग के विभागाध्यक्ष और शिक्षक विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहें, ताकि उन्हें विश्वविद्यालय के साथ जुड़ाव का अनुभव हो.
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सुचारू और व्यवस्थित संचालन के लिए आमंत्रित अतिथियों और उपाधिधारक विद्यार्थियों को 24 सितंबर को सुबह 10 बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर लेना होगा. उन्होंने संबंधित समिति को इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही, सभी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए दीक्षांत समारोह को सफल बनाने की अपील की.
उल्लेखनीय है कि 24 सितंबर को दीक्षांत मंडप में आयोजित होने वाले इस तीसरे दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2022-25 तथा स्नातकोत्तर सत्र 2023-25 और सत्र 2024-26 के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी.
बैठक में कुलसचिव डॉ. धनंजय द्विवेदी, सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे. इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

