Search

 
 
 

Ranchi News: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर अलर्ट मोड में निर्वाचन आयोग

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के लिए झारखंड में निर्वाचन आयोग पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से लेकर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी तक लगातार जिलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं.
 

Ranchi: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के लिए झारखंड में निर्वाचन आयोग पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से लेकर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी तक लगातार जिलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट-2) की बैठकों का निरीक्षण किया जा रहा है. साथ ही पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति और कार्ययोजना की समीक्षा की जा रही है.


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड स्थित मतदान केंद्र संख्या 84, 87 और 89 का निरीक्षण किया. उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए.

 

वहीं अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने सरायकेला जिले में मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म समय पर उपलब्ध कराने के लिए बीएलओ की तैयारियों का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 96 पर आयोजित बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक में भाग लेकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति और कार्ययोजना की समीक्षा की.


इधर राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता ने रांची के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठकों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए घर-घर जाकर सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता और गंभीरता से करने के निर्देश दिए.


उप निर्वाचन पदाधिकारी (मुख्यालय) धीरज कुमार ठाकुर ने हटिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया.


निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र या त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को समयबद्ध तरीके से सुधारा जा सके. इसी उद्देश्य से राज्यभर में वरिष्ठ अधिकारियों का निरीक्षण अभियान लगातार जारी है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही