Ranchi News: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 1 अक्टूबर से व्यापार और मनोरंजन के सबसे बड़े महाकुंभ 'एक्सपो उत्सव 2026' का आगाज होने जा रहा है. युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई (Junior Chamber International) द्वारा आयोजित व्यापार मेला 7 अक्टूबर तक चलेगा.
देश-विदेश के बड़े ब्रांड्स, स्टार्टअप्स और ऑटोमोबाइल्स से सजे कुल 400 स्टॉल्स लगाए गए हैं. एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस बार मेले को पहले से कहीं ज्यादा आधुनिक और आकर्षक स्वरूप दिया गया है.
इसे भी पढ़ें:
इस बार एक्सपो में रांची वासियों के लिए कई खास अनुभव तैयार किए गए हैं. महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष 'पिंक हैंगर' बनाया गया है, जिसमें पूरी तरह से सिर्फ महिलाओं द्वारा संचालित स्टॉल्स ही लगाए जाएंगे.
मेले का एक बड़ा आकर्षण 3 अक्टूबर को आयोजित होने वाला 'नाइट मार्केट' होगा. रात 9 बजे से 12 बजे तक चलने वाले इस मार्केट में लोग लाइव बैंड की धुनों के बीच देर रात तक खरीदारी और खाने-पीने का लुत्फ उठा सकेंगे.
6 अक्टूबर को मधुर 'भजन जैमिंग' का भी आयोजन किया जाएगा. बच्चों के मनोरंजन के लिए अत्याधुनिक झूलों से सजा एक बड़ा एम्यूजमेंट पार्क भी तैयार किया गया है.
मेले के दौरान सातों दिन परिसर में रोमांचक प्रतियोगिताओं का दौर चलेगा. पहले दिन जूनियर मास्टरशेफ प्रतियोगिता से इसकी शुरुआत होगी. इसके बाद 2 अक्टूबर को चित्रकला, ट्रेजर हंट और तंबोला, 3 को डॉग शो व वॉइस ऑफ एक्सपो, 4 को एक्सपो टैंक और डांस कॉम्पिटिशन का आयोजन होगा.
अंतिम दिन 7 अक्टूबर को योगा और फैशन शो के साथ मेले का समापन किया जाएगा. भीड़ और असुविधा से बचने के लिए इस बार क्यूआर (QR) कोड की हाई-टेक सुविधा दी गई है. इसके जरिए लोग घर बैठे अपनी एंट्री टिकट बुक कर सकते हैं और इवेंट्स में रजिस्टर भी कर सकते हैं.
आयोजन को सफल बनाने के लिए जेसीआई रांची चैप्टर के अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन, सचिव साकेत अग्रवाल, मीडिया प्रभारी वरुण जालान, संयोजक सिद्धार्थ चौधरी और रवि सामोता सहित संस्था के तमाम सदस्यों ने पूरी तरह से कमर कस ली है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

