- मंत्र पढ़ने के नाम पर उतरवाए गहने
- हनुमान जी के दर्शन कराने का झांसा देकर 20 लाख के गहने उड़ाए
Ranchi News : राजधानी के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर से ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक शातिर व्यक्ति ने खुद को अयोध्या का पंडित बताकर एक महिला के करीब 20 लाख के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा ले गए. घटना 3 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है. पीड़िता रेणु कुशवाहा एक दिवंगत जेल अधीक्षक की पत्नी बताई जा रही है. उन्होंने इस संबंध में सुखदेव नगर थाना में शिकायत की है.
इसे भी पढ़ें
मंदिर से लौटते समय महिला को रोका
पीड़िता के अनुसार, वह 3 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे मंदिर में पूजा करने के बाद अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान वाल्मीकि नगर के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया. आरोपी ने खुद को अयोध्या का पंडित बताया और धार्मिक बातों में उलझाकर उसका भरोसा जीत लिया.
आरोपी ने महिला से कहा कि उनके शरीर पर पहने हुए गहनों पर मंत्र पढ़कर वह उन्हें सुरक्षित कर सकता है. उसकी बातों में आकर महिला ने गले में पहनी सोने की चेन, लॉकेट, चूड़ियां और अन्य आभूषण उतारकर उसे दे दिए. आरोपी ने भरोसा दिलाया कि मंत्र पढ़ने के बाद वह सभी गहने वापस कर देगा.
आगे जाकर लौटने की बात कहकर दिया चमका
गहने अपने कब्जे में लेने के बाद आरोपी ने महिला से 10 कदम आगे जाकर वापस लौटने को कहा. उसने महिला से यह भी कहा कि वापस आने पर वह उन्हें हनुमान जी के दर्शन कराएगा. महिला आरोपी की बात मानकर आगे गईं और कुछ देर बाद वापस लौटीं. लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था.
महिला ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ. पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि आरोपी करीब 50 ग्राम वजन की चार सोने की चूड़ियां, दो सोने की अंगूठियां, करीब 10 ग्राम की सोने की चेन और सोने का लॉकेट लेकर फरार हुआ है. इन सभी आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की शिकायत मिलने के बाद सुखदेव नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा के अनुसार, घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस आरोपी के घटनास्थल तक पहुंचने और वारदात के बाद फरार होने वाले संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

