Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Ranchi News : SBU में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस व विश्व संगीत दिवस का भव्य आयोजन

Ranchi : सरला बिरला विश्वविद्यालय के योग व प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग द्वारा भारतीय ज्ञान प्रणाली (IKS)ललित कला विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) व उन्नत भारत अभियान (UBA) के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और विश्व संगीत दिवस का भव्य आयोजन किया गया. 

 

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Aging) रही.कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग मानव जीवन की अमूल्य धरोहर है और यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को ऊर्जा, एकाग्रता और कार्य करने की शक्ति प्रदान करता है.

 

कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. एस. बी. डांडिन, विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही. सभी अतिथियों का स्वागत डॉ. अर्चना मौर्या, विभागाध्यक्ष, योग व प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग द्वारा किया गया.

 

इसके बाद कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) पर आधारित योग सत्र का संचालन डॉ. विश्वजीत वर्मा, सहायक प्राध्यापक, योग व प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग ने किया. योग सत्र की शुरुआत ॐ व मंत्रोच्चारण से हुई. 

 

इसके बाद संधि संचालन अभ्यास, विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान व विश्राम अभ्यास कराए गए. सत्र में स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन, मानसिक संतुलन और वृद्धावस्था में योग की उपयोगिता पर विशेष बल दिया गया.

 

योग सत्र के उपरांत सामान्य रोगों में मर्म चिकित्सा की उपयोगिता” विषय पर अंजना कुमारी सिंह, सहायक प्राध्यापक द्वारा विशेष व्याख्यान एवं प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया. उन्होंने मर्म बिंदुओं के चिकित्सीय महत्व और सामान्य रोगों के प्रबंधन में उनकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी.

 

विश्व संगीत दिवस के अवसर पर संगीत विभाग द्वारा संकीर्तन एवं हनुमान चालीसा की प्रस्तुति दी गई. कार्यक्रम का नेतृत्व स्पर्श उपाध्याय, सहायक प्राध्यापक, संगीत विभाग ने किया. इस अवसर पर डॉ. मुकेश सिंह, डॉ. राजीव रंजन, अभिषेक व आकांक्षा चरण सहित विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने सहभागिता की. सामूहिक भजन और संकीर्तन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ऊर्जा से भर दिया.

 

कार्यक्रम के अंत में प्रो. नीलिमा पाठक, डीन, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विज्ञान विभाग तथा केंद्र प्रभारी, भारतीय ज्ञान प्रणाली (IKS) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. उन्होंने स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया.

 

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं.विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ यह आयोजन स्वास्थ्य, संस्कृति, अध्यात्म और संगीत के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा.

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही