Ranchi News: झारखंड के स्कूली विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई पहल ‘झारखंड स्कूल टैलेंट सर्च 2026—सुर एवं ताल संग्राम’ का राज्यस्तरीय ग्रैंड फिनाले 31 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा. झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के पांचों प्रमंडलों से चयनित 96 प्रतिभागी गायन एवं नृत्य में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
ग्रैंड फिनाले से पहले चयनित प्रतिभागियों के लिए 29 और 30 अक्टूबर को रांची में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा. प्रतिभागियों को अंतिम मुकाबले से पहले अपनी प्रस्तुतियों को और बेहतर बनाने का अवसर भी मिलेगा.
इसे भी पढ़ें:
संथाल परगना प्रमंडल स्तर के लिए 26 अक्टूबर को दुमका के इंडोर स्टेडियम में गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. इसमें दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़, देवघर और साहिबगंज के विद्यार्थियों ने भाग लिया.
कार्यक्रम का उद्घाटन दुमका के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक संजीत कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक लक्ष्मण यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गायन और नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
ग्रैंड फिनाले में होंगे अनुभवी जूरी
राज्यस्तरीय ग्रैंड फिनाले में गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग निर्णायक मंडल गठित किए गए हैं. नृत्य प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अलीशा सिंह, प्रिया वर्मा, गार्गी मलकानी, राहुल भगत होंगे. वहीं, गायन प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में असलम खान, Z Music के प्रोड्यूसर, ममता रावत, प्लेबैक सिंगर, दोयल गोस्वामी, Z Bangla की विजेता होंगे.
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि झारखंड के सरकारी और निजी विद्यालयों में प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं. इन प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें निखरने और आगे बढ़ने के लिए उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि ‘झारखंड स्कूल टैलेंट सर्च 2026’ इसी दिशा में एक सार्थक पहल है. यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल को विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

