Ranchi News : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का चुनाव 13 सितंबर 2026 को मारवाड़ी भवन, हरमू रोड में आयोजित किया जाएगा. चुनाव प्रक्रिया को लेकर गुरुवार को चैंबर भवन में चुनाव समिति की बैठक हुई. चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनाव कार्यक्रम और नामांकन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने बताया कि चुनाव में भाग लेने के इच्छुक प्रत्याशी 31 अगस्त से 1 सितंबर शाम 4 बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है. इसके बाद प्राप्त नामांकनों की स्क्रूटिनी की जाएगी और प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी.
उन्होंने बताया कि चैंबर की सदस्यता प्राप्त किए हुए एक वर्ष पूरा कर चुके सदस्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकेंगे. चुनाव में चैंबर की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के साथ-साथ झारखंड के छह प्रमंडलों के लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का भी चुनाव होगा.
वहीं, आमसभा से 21 दिन पूर्व सदस्यों को नोटिस जारी करने की बाध्यता के तहत चैंबर कार्यालय की ओर से आगामी आमसभा और चुनाव से संबंधित नोटिस सभी सदस्यों को जारी कर दिया गया है. चुनाव कार्यक्रम को लेकर चैंबर के सदस्यों के बीच चुनावी गतिविधियां भी तेज होने की संभावना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

